बरेली। भीषण गर्मी और लू से व्याकुल गौमाता व बेसहारा पशु-पक्षियों को राहत देने के लिए श्री नाथ नगरी सेवा समिति ने शहर में वृहद जल सेवा अभियान शुरू किया है। समिति द्वारा बरेली के साहूकारा, किला हनुमान मंदिर, बिहारीपुर,हार्टमैन, बजरिया पूरनमल, संजयनगर, झूलेलाल द्वार तथा जोगी नवादा सहित विभिन्न स्थानों पर सीमेंट से निर्मित स्थायी जल पात्र स्थापित किए जाएंगे।समिति के सदस्य बंटी ठाकुर ने बताया कि अत्यधिक गर्मी में गौवंश व अन्य पशुओं के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। समिति ने जल पात्रों की नियमित साफ-सफाई तथा प्रतिदिन सुबह-शाम उनमें जल भरने की पूर्ण जिम्मेदारी ली है। सीमेंट के पात्र इसलिए चुने गए हैं ताकि वे टिकाऊ रहें और चोरी न हों। प्रत्येक पात्र की क्षमता 50 लीटर होगी।समिति ने शहरवासियों से भी अपील की है कि भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों की सेवा हेतु अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों के बाहर जल की व्यवस्था अवश्य करें। शोभित अग्रवाल ने कहा, “बेजुबान बोलकर पानी नहीं मांग सकते। आपका एक बर्तन सैकड़ों जीवों की जान बचा सकता है।इस अवसर पर समिति के संस्थापक सोनू भईया, अध्यक्ष श्रवण गुप्ता,बंटी ठाकुर,शोभित अग्रवाल,सुधीर श्रोत्रिय, योगेंद्र गंगवार, सलभ अग्रवाल, धीरज कुमार,अशोक देवल, सोनू सैनी* आदि सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सदस्यों ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जीव दया को सबसे बड़ा पुण्य माना गया है।समिति के सदस्यों ने बताया अगले 3 दिनों में सभी चिन्हित स्थानों पर जल पात्र स्थापित कर दिए जाएंगे। यह अभियान 21 मई से शुरू करके15 जून तक विशेष रूप से चलाया जाएगा।श्री नाथ नगरी सेवा समिति_ पूर्व में भी कंबल वितरण,जरूरत मंद बच्चों की शिक्षा, कांवर सेवा शिविर, रक्तदान शिविर,गौ सेवा, जैसे कार्य में एक लंबे समय से सक्रिय रहती है।