मदर एथीना स्कूल में बच्चों की ‘कूल-कूल’ मस्ती: पूल पार्टी में जमकर थिरके कदम, बिखरी मासूम मुस्कान
बदायूँ। मौसम के बदलते मिजाज और बढ़ती गर्मी के बीच मदर एथीना स्कूल के प्रांगण में आज एक अलग ही नजारा देखने को मिला। स्कूल के प्री-प्राइमरी के छोटे बच्चों के लिए एक शानदार ‘स्प्लैश एंड फन’ पूल पार्टी का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे परिधानों (स्विम सूट) में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चे जब पूल के पास पहुँचे, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। कलरफुल बलून्स, बॉल्स और सुंदर छतरियों से सजे वाटर पूल में बच्चों ने पानी की छपाकी के साथ जमकर धमाल मचाया। बैकग्राउंड में बज रहे म्यूजिक और बाल-गीतों पर बच्चों ने पानी के बीच खूब डांस किया। एक-दूसरे पर पानी की बौछारें करते हुए बच्चों की किलकारियों से पूरा स्कूल परिसर गूँज उठा। मस्ती के इस सफर में बच्चों को रिफ्रेश करने के लिए उनके पसंदीदा समर ड्रिंक्स, फ्रूट शेक्स और स्वादिष्ट स्नैक्स भी परोसे गए। छोटे बच्चों के लिए चार दिवसीय समर कैंप के अंतर्गत प्रथम दिवस को ‘फन डे’ के रूप में मनाया गया जिसमें विद्यार्थियों ने बहुत सारी फन एक्टिविटी की।

दूसरा दिवस ‘क्राफ्ट डे’ के रूप में मनाया गया। जिसमें विद्यार्थियों ने बटन से फ्लॉवर बनाये और गुब्बारे में रंग भरते हुए वृक्ष बनाएँ और पुरानी चीजा़ें का इस्तेमाल करते हुए सुंदर वस्तुएँ बनाई। तृतीय दिवस को ‘स्पोर्र्ट्स डे’ एवं ‘नृत्य दिवस’ के रूप में मनाया गया । बच्चों ने फ्रॉग रेस, टर्टल वॉक और पेयर रेस का आनंद लिया और इंग्लिश राइम्स पर नृत्य किया। चौथे दिन पूल पार्टी के साथ ही उनके समर कैंप का समापन हो गया।इस अवसर पर स्कूल की निदेशिका महोदया चयनिका सारस्वत ने बच्चों के साथ इस आनंदमयी पल को साझा करते हुए कहा बचपन का हर एक पल खास होता है, और हमारा प्रयास रहता है कि हम बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खुशियों के अनमोल पल भी दें। इस तरह की गतिविधियाँ बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। पानी से खेलना न सिर्फ बच्चों की मसल्स को मजबूत करता है, बल्कि उनके भीतर के संकोच को मिटाकर टीम भावना और सामाजिक तालमेल सिखाता है।















































































