शाहजहांपुर।स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में छात्रहित से जुड़े कार्यों को और अधिक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया गया है। माननीय कुलपति महोदय के आदेशानुसार विश्वविद्यालय एवं उससे संबद्ध समस्त 55 महाविद्यालयों में छात्रवृत्ति संबंधी कार्यों के सकुशल निष्पादन हेतु वाणिज्य संकाय के प्रोफेसर कमलेश गौतम को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।अब विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों की छात्रवृत्ति योजनाओं से जुड़े सभी कार्यों का नियमन, समन्वय एवं निष्पादन प्रो. कमलेश गौतम के निर्देशन में संपादित किया जाएगा। इस निर्णय से छात्रवृत्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता, त्वरित कार्यवाही तथा विद्यार्थियों को समयबद्ध लाभ सुनिश्चित होने की उम्मीद जताई जा रही है।विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति में छात्रवृत्ति योजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में अनुभवी शिक्षक को यह दायित्व सौंपना छात्रहित में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। ज्ञात हो कि नवस्थापित विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार शैक्षिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की दिशा में सक्रिय दिखाई दे रहा है।