शाहजहांपुर। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा शैक्षिक सत्र 2025-26 को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए विश्वविद्यालय परिसर तथा सभी संबद्ध महाविद्यालयों में ग्रीष्मावकाश घोषित कर दिया गया है। कुलपति के निर्देशानुसार जारी आदेश के अनुसार दिनांक 25 मई 2026 से 4 जुलाई 2026 तक ग्रीष्मावकाश प्रभावी रहेगा। कुलसचिव द्वारा जारी पत्रक में स्पष्ट किया गया है कि महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा पूर्व निर्धारित परीक्षाएं अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यथावत संचालित होती रहेंगी। परीक्षा संबंधी समस्त कार्यों में लगे शिक्षकों एवं कर्मचारियों से अवकाश अवधि में भी आवश्यकतानुसार योगदान अपेक्षित होगा। इसके साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने शिक्षकों के हितों का ध्यान रखते हुए यह भी निर्देशित किया है कि अवकाश अवधि में परीक्षा कार्य संपादित करने वाले शिक्षकों को एक के बदले एक प्रतिकर अवकाश प्रदान किया जाएगा। संबद्ध महाविद्यालयों में इस व्यवस्था का अनुपालन महाविद्यालय स्तर पर प्राचार्यों द्वारा सुनिश्चित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के इस निर्णय से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भीषण गर्मी के बीच राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं परीक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु प्रशासनिक संतुलन भी कायम रखा गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विभागाध्यक्षों, प्राचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों को आदेश का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।