बरेली। अनुराग आर्य ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित रविन्द्रालय सभागार में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों एवं चौकी प्रभारियों के साथ जनसुनवाई व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में चौकी स्तर पर संचालित जनसुनवाई प्रणाली एवं जनसुनवाई रजिस्टर की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक चौकी पर स्थापित हेल्प डेस्क पर दक्ष और व्यवहार कुशल पुलिसकर्मियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि फरियादियों को तत्काल सहायता और उचित मार्गदर्शन मिल सके।एसएसपी ने चौकियों पर जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए शिफ्टवार 24 घंटे ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि प्राप्त होने वाले सभी प्रार्थना पत्रों का जनसुनवाई रजिस्टर में विधिवत अंकन कर संबंधित जांचकर्ता को तत्काल मौके पर भेजा जाए।उन्होंने जांच अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों की निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें और तैयार आख्या थाना प्रभारी एवं संबंधित क्षेत्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करें। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जनसुनवाई रजिस्टर में दर्ज शिकायतों का नियमित फीडबैक थाना प्रभारी एवं नामित जनसुनवाई अधिकारी द्वारा लिया जाए, जिससे शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनी रहे।एसएसपी ने क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने सर्किल की चौकियों का आकस्मिक निरीक्षण कर जनसुनवाई व्यवस्था का सतत पर्यवेक्षण करने और शिकायतों के निस्तारण की स्थिति का नियमित परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाया जाएगा, ताकि आमजन को बेहतर पुलिस सेवा मिल सके।