राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, रक्तदान कर किया नमन
बरेली। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर बरेली में श्रद्धांजलि सभा और संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिनेश दद्दा के नेतृत्व में हुआ, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने राजीव गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने किया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने कहा कि राजीव गांधी जैसा दूरदर्शी नेता आज के समय में मिलना कठिन है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ते हुए 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। साथ ही पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने और गांव-गांव तक लोकतंत्र पहुंचाने की सोच भी उनकी ही देन थी।उन्होंने कहा कि देश में डिजिटल क्रांति की नींव राजीव गांधी की दूरदृष्टि का परिणाम है। शिक्षा और तकनीक को गांवों तक पहुंचाने के साथ-साथ नवोदय विद्यालय जैसी योजनाओं को बढ़ावा देकर गरीब परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का कार्य किया गया।कार्यक्रम में पूर्व विधायक मास्टर छोटेलाल गंगवार ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने में राजीव गांधी के योगदान को याद किया। वहीं आउटरीच कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रवींद्र सहारा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गर्व है कि राजीव गांधी जैसे नेता उनकी पार्टी का हिस्सा रहे।श्रद्धांजलि सभा के उपरांत वरिष्ठ नेता डॉ. हरीश गंगवार, महानगर उपाध्यक्ष जीशान अफरीदी और कमरुद्दीन सैफी ने रक्तदान कर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।इस दौरान पंडित राज शर्मा, बंशीधर गंगवार, पंकज उपाध्याय, राजा राम साहू, मुकेश वाल्मीकि, विनोद कुमार, रेहान बसीरई, प्रवीण मिश्रा, कासिम कश्मीरी, महेंद्र पाल गंगवार, प्रेम शंकर गंगवार, अनिल देव शर्मा, तीर्थ मधुकर, डॉ. दतराम, राम भरोसे पाल, सफदर अली बुखारी, साजिद अब्बासी, एमके घोष, सुरेश दिवाकर, मोहम्मद कासिम, जितेंद्र बाबू, अमजद खान, तबस्सुम खान, शबनम मलिक, नजमी जोया खान, नत्थू लाल साहू और नबी हसन समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।















































































