बरेली। भीषण गर्मी के बीच थाना बारादरी क्षेत्र की महेंद्र नगर फेस-1, डोहरा रोड कॉलोनी में पिछले पांच दिनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लगातार बिजली कटौती और रात भर सप्लाई बाधित रहने से क्षेत्र के लोग परेशान हैं। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि शिकायत के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं।क्षेत्रवासियों के साथ भारतीय जनता पार्टी के संयोजक प्रेम शंकर पटेल एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी सोशल आउटरीच कांग्रेस के प्रदेश सचिव रविन्द्र सहारा एडवोकेट ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर बिजली विभाग के कर्मचारियों और बिजली अधिकारियों की शिकायत करते हुए जल्द बिजली व्यवस्था सुचारु कराने की मांग की।रविन्द्र सहारा और प्रेम शंकर पटेल ने बताया कि 17 मई 2026 को ट्रांसफार्मर खराब हो गया था, जिसे लगभग 30 घंटे बाद बदला गया। इसके बाद भी क्षेत्र में बिजली संकट खत्म नहीं हुआ। पिछले चार दिनों से रात दो बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरूनगला बिजली सब स्टेशन पर कोई फोन नहीं उठाता, जबकि संबंधित जेई और एसडीओ के मोबाइल भी बंद या रिसीव नहीं होते। 20 मई को अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन देकर समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो हरूनगला विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की होगी।शिकायत के दौरान सचिन, दिनेश कुमार , महेश पटेल , अमित पाठक , शशि रानी , प्रेम शंकर पटेल आदि मौजूद थे।