बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव सोराह निवासी 22 वर्षीय कृष्णपाल पुत्र प्रीतम लाल अपने ममेरे भाई रामौतार के साथ शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने कृष्णपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि रामौतार का उपचार करने के बाद उसे घर भेज दिया गया।परिजनों के अनुसार कृष्णपाल बीएल एग्रो फैक्ट्री में नौकरी करता था। गुरुवार को उसके ममेरे भाई की बारात गांव लमकन से गांव लामीखेड़ा जा रही थी। कृष्णपाल और रामौतार मोटरसाइकिल से बारात में शामिल होने जा रहे थे। भोजीपुरा क्षेत्र में धौराटांडा के पास पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में कृष्णपाल को गंभीर चोटें आईं। परिवार वालों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर कृष्णपाल की जान नहीं बचा सके। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।