बदायूं।भीषण गर्मी के चलते आसमान से मानो आग बरस रही है। तपती सड़कों पर चलना मुश्किल हो रहा है और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है। ऐसे विषम हालात में भारत स्काउट गाइड संस्था द्वारा गांधी नेत्र चिकित्सालय के मुख्य द्वार पर संचालित निशुल्क शीतल जल सेवा शिविर लोगों के लिए राहत पहुंचा रहा है। शिविर के 22 वें दिन भी स्काउट गाइड ने प्यास से व्याकुल राहगीरों और दूर-दराज से आए यात्रियों को शीतल जल पिलाया।चिलचिलाती धूप और तपते वातावरण में जब लोग जल की एक-एक बूंद के लिए परेशान दिखाई दिए, तब शिविर में पहुंचकर शीतल जल ग्रहण करने वालों के चेहरों पर राहत साफ झलक उठी। लोगों ने स्काउट गाइड संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना की।पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि जल के बिना जीवन की कल्पना असंभव है। आज धरती का तापमान लगातार बढ़ रहा है और प्राकृतिक संसाधन तेजी से समाप्त हो रहे हैं। ऐसे समय में प्रत्येक व्यक्ति को जल संरक्षण करना चाहिए। आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ जल उपलब्ध हो इसके लिए स्काउट गाइड सेवा के साथ समाज को जागरूक भी कर रहे हैं। जिला संगठन कमिश्नर मु. असरार ने कहा कि भीषण गर्मी में शीतल जल अमृत है। प्रकृति का अमूल्य उपहार भी। यदि आज जल को बचाने के प्रति समाज जागरूक नहीं हुआ तो भविष्य में पीने योग्य जल के लिए गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती गर्मी और घटते जल स्रोत आने वाली पीढ़ियों के लिए चिंता का विषय हैं। जल को बचाएं, जरूरतमंद व्यक्तियों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहें। शिविर में फरदीन अहमद, सचिन यादव, शिवम यादव आदि ने राहगीरों और यात्रियों को शीतल पिलाया।