बरेली। ओसवाल शुगर मिल के गन्ना किसानों के दो वर्षों से लंबित भुगतान और चल रही नीलामी प्रक्रिया पर रोक लगाए जाने के विरोध में पैनी नजर सामाजिक संस्था की अध्यक्ष एडवोकेट सुनीता गंगवार ने किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ मंडल आयुक्त कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में बताया गया कि नवाबगंज क्षेत्र के विधायक द्वारा नीलामी प्रक्रिया पर आपत्ति दर्ज कराए जाने के बाद मंडल आयुक्त द्वारा प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई है, जिससे क्षेत्र के किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। किसानों का कहना है कि आपत्ति को निरस्त कराने की मांग को लेकर वे दो बार धरने पर बैठ चुके हैं, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया। संस्था अध्यक्ष एडवोकेट सुनीता गंगवार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही नीलामी प्रक्रिया से रोक नहीं हटाई गई और किसानों का बकाया भुगतान नहीं कराया गया तो किसान अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों का आक्रोश जन आंदोलन का रूप ले सकता है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।मंडल आयुक्त की अनुपस्थिति में उप मंडल आयुक्त ने ज्ञापन प्राप्त किया। इस दौरान ब्रह्मानंद गंगवार, रामरतन गंगवार, विजय गंगवार तथा संस्था के कोषाध्यक्ष वाहिद अहमद अंसारी सहित कई किसान मौजूद रहे।