बदायूँ में जीएसटी बैठक में सर्राफा व्यापारियों ने दिया ईमानदार व्यापार और आत्मनिर्भर भारत का संदेश
बदायूँ। जिलाधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में अटल बिहारी वाजपेई सभागार, कलेक्ट्रेट में जीएसटी विभाग द्वारा सर्राफा व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री द्वारा सोने की खरीद और आयात पर संयम बरतने के आह्वान तथा सोने के आयात पर बढ़ाए गए टैक्स के प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया ज्वेलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष जितेंद्र महाजन ने कहा कि यह बैठक बदायूं के सर्राफा व्यापार के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगी। उन्होंने कहा कि व्यापारी केवल नियमों की चर्चा के लिए नहीं बल्कि नए भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी तय करने के लिए एकत्र हुए हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री के उस संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि सोने के आयात पर निर्भरता कम करना कोई पाबंदी नहीं बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की प्रक्रिया है।

इससे देश का धन विकास कार्यों, सड़कों, अस्पतालों और बुनियादी ढांचे के निर्माण में उपयोग हो सकेगा।जितेंद्र महाजन ने कहा कि जीएसटी नियमों और टैक्स ढांचे में बदलाव को लेकर व्यापारियों में चिंता होना स्वाभाविक है, लेकिन पारदर्शी व्यापार ही किसी व्यापारी की सबसे बड़ी सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि नियमों के दायरे में रहकर व्यापार करने से व्यापारी सम्मान के साथ प्रशासन के सामने खड़े हो सकते हैं।उन्होंने प्रशासन और पुलिस से भी सर्राफा व्यापारियों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। साथ ही सभी व्यापारियों से ईमानदारी के साथ व्यापार करने और बदायूं को व्यापारिक शुचिता के क्षेत्र में प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर में पहचान दिलाने का आह्वान किया।बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, जीएसटी विभाग के डिप्टी कमिश्नर संजीव पाठक, रवि कुमार, असिस्टेंट कमिश्नर दिव्य प्रकाश सिसोदिया सहित कपिल रस्तोगी, दीपांशु रस्तोगी, अरविंद वर्मा, बिलाल खान, अंश गुप्ता, यश गुप्ता, सचित्र प्रकाश, नितिन कुमार और दर्जनों सर्राफा व्यापारी मौजूद रहे।















































































