बरेली। भीषण गर्मी को देखते हुए उद्योग व्यापार सुरक्षा मंडल द्वारा “पानी की सेवा – हर प्रतिष्ठान पर” अभियान चलाया गया। संगठन के अध्यक्ष गौरव सक्सेना के नेतृत्व में व्यापारी साथियों को घड़े वितरित किए गए और राहगीरों को शुद्ध एवं ठंडा पानी उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया।अभियान के दौरान सभी व्यापारियों ने यह संकल्प लिया कि उनके प्रतिष्ठान के सामने से गुजरने वाला कोई भी प्यासा व्यक्ति बिना पानी पिए न जाए। स्वदेशी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से घड़े का चयन किया गया। संगठन का कहना है कि तेज गर्मी में बर्फ या वाटर कूलर का अत्यधिक ठंडा पानी पीने से जुकाम, गला खराब जैसी समस्याएं हो सकती हैं, जबकि घड़े का पानी स्वास्थ्य के लिए अधिक लाभकारी होता है।अध्यक्ष गौरव सक्सेना ने कहा कि यह कोई बड़ा कार्य नहीं, बल्कि मानव का मानव के प्रति कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि संगठन सामाजिक गतिविधियों के लिए भी संकल्पित है और उसका उद्देश्य स्वस्थ एवं सामाजिक सेवा के कार्यों को लोगों तक पहुंचाना है, ताकि समाज में अधिक से अधिक लोग प्रेरित हो सकें।व्यापारियों ने यह भी संकल्प लिया कि वे अपने आसपास के अन्य व्यापारियों को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करेंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक यह सेवा पहुंच सके। इस अवसर पर दिलीप खुराना, अंकित खंडूजा, केतन अरोड़ा, आकाश शर्मा, पुनीत अनेजा, रौनक जॉली और सत्यम सक्सेना सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।