बदायूं। आगामी गंगा दशहरा पर्व एवं बकरीद को लेकर बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में जिलाधिकारी अवनीश राय ने जनपद में शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बदायूं में सभी त्योहार आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में मनाए जाते हैं तथा इस परंपरा को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान माहौल खराब करने वाले अराजक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में न होने दी जाए और इस संबंध में विशेष सतर्कता बरती जाए।डीएम ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी छोटी घटना या विवाद की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी मामले में कार्रवाई से पहले तथ्यों की पुष्टि करना अनिवार्य होगा।उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी त्योहार पारंपरिक तरीके से ही मनाए जाएं और किसी भी नई परंपरा को शुरू न होने दिया जाए। इसके अलावा आगामी पर्वों को देखते हुए साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही जनपद के सभी थानों में भी पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने के निर्देश जारी किए गए।बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासनिक विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।