बदायूं। शहर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति देते हुए विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता के प्रयासों से एक और महत्वपूर्ण सड़क निर्माण परियोजना को स्वीकृति मिल गई है। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद द्वारा चकोलर से गररुईया मार्ग तक लगभग 1.10 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए 86.11 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है, जिससे क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों को राहत मिलेगी। बताया गया कि यह सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी थी, जिसके चलते स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कई बार मंडी परिषद को पत्र लिखकर निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराया। इसके साथ ही उन्होंने मंत्री दिनेश प्रताप सिंह से भी कई बार मुलाकात कर सड़क निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई थी।सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलते ही क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि सड़क बनने के बाद आवागमन आसान होगा और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी।विधायक ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र के दर्जनों ग्रामीण उनसे मिलकर सड़क निर्माण की मांग कर चुके थे। इसी क्रम में उन्होंने 22 फरवरी 2024 को शासन को सड़क निर्माण की स्वीकृति के लिए पत्र भेजा था, जिसके बाद अब प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकी है।वर्जन:भजप विधायक ने कहा “गांवों के विकास का रास्ता सड़कों से होकर गुजरता है। प्रदेश सरकार हर गांव के विकास के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। क्षेत्र में जितनी भी जर्जर और खस्ताहाल सड़कें हैं, उनके निर्माण के लिए शासन को लगातार प्रस्ताव भेजे गए हैं। कई सड़कों का निर्माण हो चुका है और जो बाकी हैं, उन्हें भी जल्द बनवाया जाएगा। क्षेत्र का विकास करना ही हमारी पहली प्राथमिकता है।”