बदायूं। Hopunity Helping Welfare Foundation एवं महिला कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विकास खंड जगत के अंतर्गत एसएमएस स्कूल, किसरुआ में एक प्रभावी जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था की निदेशक डॉ. कृष्णा सिंह ने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देते हुए कहा कि निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है।इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग की प्रीति चौहान ने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने बच्चों को किसी भी प्रकार की समस्या या कठिन परिस्थिति में बिना झिझक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं संस्था की टीम की सक्रिय सहभागिता रही। इस दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने जागरूकता से जुड़े संदेशों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।