बदायूं। नगर में सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एमएलसी वागीश पाठक की पहल पर नगरपालिका परिषद बदायूं ने विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया है। सदस्य विधान परिषद ने नगरपालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित करते हुए नगर के बड़े नालों, प्रमुख नालियों तथा कूड़ा-करकट से प्रभावित स्थानों पर तत्काल व्यापक सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।एमएलसी के निर्देश के बाद नगरपालिका प्रशासन हरकत में आया और नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कर्मियों की टीमें लगाकर तलीझाड़ सफाई कार्य शुरू करा दिया गया। सड़क किनारे जमा गंदगी, नालियों में फंसी सिल्ट और लंबे समय से जमा कूड़े के ढेरों को हटाने का कार्य तेजी से जारी है।एमएलसी वागीश पाठक ने कहा कि बरसात के मौसम से पहले नगर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना बेहद जरूरी है, जिससे जलभराव, दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों जैसी समस्याओं से आम लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई अभियान केवल कागजी प्रक्रिया बनकर न रह जाए, बल्कि हर वार्ड में उसका प्रभाव जमीनी स्तर पर दिखाई देना चाहिए।नगरवासियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि जनसमस्याओं को लेकर एमएलसी की सक्रियता का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। कई क्षेत्रों में वर्षों से जमा गंदगी और कूड़े को हटाने का कार्य लगातार जारी है, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।एमएलसी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय किया जाता रहेगा। साथ ही उन्होंने नगरवासियों से भी स्वच्छता बनाए रखने और सफाई व्यवस्था में सहयोग की अपील की।