बदायूँ। परिवहन विभाग ने जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाते हुए यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान अनाधिकृत रूप से संचालित वाहनों, बिना फिटनेस और बिना बीमा वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए। एआरटीओ (प्रवर्तन/प्रशासन) श्री हरिओम के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 07 अनाधिकृत रूप से संचालित वाहनों को सीज किया गया। इसके अतिरिक्त एक ओवरलोड माल वाहन पर भी कार्रवाई करते हुए उसे चालान कर सीज कर दिया गया।विभागीय टीम ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया। जांच के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने जैसी लापरवाहियों पर 56 चालान किए गए। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से लगभग दो लाख रुपये का शमन शुल्क सरकारी खाते में जमा कराया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। विभाग ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस का सहयोग करें।