बदायूं : इस्लामनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात कच्छा-बनियान गिरोह ने जमकर तांडव मचाया। बदमाशों ने किसान के परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये की डकैती डाली और विरोध करने पर जमकर मारपीट की। जिससे पांच लोग घायल हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर कई थानों की पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी गई।मुहल्ला मुस्तफाबाद निवासी निजाकत खेती-किसानी और मजदूरी करते हैं। वह मूल रूप से मुड़िया धुरेकी के रहने वाले हैं और दो वर्ष पहले यहां आकर बसे थे। मंगलवार रात उनके भाई रिफाकत और परिवार के अन्य लोग उर्स का मेला देखने आए हुए थे। देर रात करीब आठ-दस बदमाश कच्छा-बनियान पहने दीवार के सहारे घर में घुस आए। बदमाशों के पास तमंचे, लाठी-डंडे थे।बदमाशों ने घर में घुसते ही परिवार को बंधक बना लिया और निजाकत के नाती को पकड़कर अलमारी व बक्सों की चाबी मांगी। विरोध करने पर बदमाशों ने जमकर मारपीट की। घटना में निजाकत, मिस्किन, फिजा बहू, शबनम पत्नी रिफाकत, नाजिश बेटी निजाकत और अल्तमश घायल हो गए। सभी को रुदायन सीएचसी में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश करीब आठ तोला सोना, ढाई से तीन किलो चांदी और करीब 1.25 लाख रुपये नकद लूट ले गए।