बरेली। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की पहल “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के अंतर्गत आयोजित युवा संगम फेज-6 कार्यक्रम के लिए बरेली के युवा समाजसेवी एवं रुहेलखंड विश्वविद्यालय के छात्र मोहित शर्मा का चयन हुआ है। वह 24 मई से 1 जून तक अरुणाचल प्रदेश के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।युवा संगम कार्यक्रम का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, भाषा, परंपरा और सामाजिक जीवन से परिचित कराना है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को अरुणाचल प्रदेश की जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक धरोहर, शैक्षणिक संस्थानों और विकास मॉडल को जानने का अवसर मिलेगा। मोहित शर्मा को सामाजिक कार्यों और युवा नेतृत्व के लिए राष्ट्रीय युवा पुरस्कार, एनएसएस पुरस्कार तथा स्वामी विवेकानंद राज्य युवा पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में वह स्वच्छ भारत मिशन, बरेली के ब्रांड एंबेसडर भी हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन और परिजनों ने उनके चयन पर खुशी जताई है।