बिसौली । प्रसिद्ध बालाजी बलदेवधाम गुदनी में भक्ति, आस्था और सनातन परंपरा का अनुपम दृश्य देखने को मिला। पवित्र एवं दुर्गम आदि कैलाश यात्रा सफलतापूर्वक पूर्ण कर लौटे श्रद्धालुओं का धाम परिवार द्वारा भव्य स्वागत किया गया। पुष्प वर्षा, जयकारों और श्रद्धा से सराबोर वातावरण ने पूरे धाम परिसर को भक्तिमय बना दिया।आदि कैलाश यात्रा से लौटे कैलाशी आशीष शंखधार, कैलाशी लखन शर्मा एवं कैलाशी दया मिश्रा जैसे ही धाम परिसर पहुंचे, वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। भक्तों ने श्रद्धाभाव से उन पर पुष्प वर्षा की तथा फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही संकटमोचन श्री हनुमान जी महाराज का पवित्र पटका ओढ़ाकर उन्हें सम्मान प्रदान किया गया। इस पावन अवसर पर पूज्य गुरुदेव पीठाधीश्वर श्री ललितेश्वरानंद जी महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए आदि कैलाश की दिव्य एवं अलौकिक महिमा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म मानव जीवन को सही दिशा देने वाला मार्ग है और निस्वार्थ भक्ति व्यक्ति के जीवन को सफल एवं सार्थक बनाती है। उन्होंने कहा कि ऐसी धार्मिक यात्राएं मनुष्य के जीवन को आध्यात्मिक रूप से समृद्ध करती हैं तथा ईश्वर के प्रति आस्था को और अधिक दृढ़ बनाती हैं। इस गरिमामयी कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। प्रमुख रूप से सपा नेता आकाश मिश्रा, सुमित शर्मा और हिमांशु उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लिया और इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक क्षण के साक्षी बने। पूरे आयोजन के दौरान धाम परिसर भक्तिमय वातावरण और जय श्रीराम व हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा।