बरेली। थाना कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस चौपला बगिया निवासी कमल सिंह की पत्नी शीतल अपने एक वर्षीय बेटे के साथ जिला अस्पताल दवा लेने गई थीं, लेकिन वापस घर नहीं लौटीं। काफी तलाश के बाद भी मां-बेटे का कोई सुराग नहीं लग सका है। परेशान पति अब दर-दर भटकने को मजबूर है।कमल सिंह पुत्र रघुवीर सिंह ने थाना कोतवाली में पत्नी और बच्चे की गुमशुदगी दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी शीतल उम्र लगभग 24 वर्ष, रंग सांवला, लंबाई करीब 5 फीट है। वह गुलाबी साड़ी पहने हुए थीं और अपने एक साल के बेटे के साथ जिला अस्पताल दवा लेने गई थीं। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। पीड़ित पति ने पुलिस से पत्नी और बच्चे की तलाश कर सकुशल घर वापस लाने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।