बरेली। थाना कैंट क्षेत्र के ग्राम पंचायत नवीनगर में कर्बला और दरगाह की भूमि पर बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर हिंदू और मुस्लिम पक्ष आमने-सामने आ गए। मामले की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट होने के बाद पुलिस प्रशासन में हलचल मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने फिलहाल निर्माण कार्य रुकवा दिया है।जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदस्य अर्जुन राठौर निवासी ग्राम भौआपुर ने बरेली पुलिस, डीजीपी यूपी, यूपी पुलिस और डीएम बरेली को एक्स पर ट्वीट कर आरोप लगाया कि ग्राम नवीनगर में मुस्लिम समुदाय द्वारा हिंदू समाज के दशवीं स्थल की जगह को घेरकर मजार के चारों ओर बाउंड्री वॉल बनाई जा रही है। विरोध करने पर हिंदू समाज के लोगों को धमकाने का भी आरोप लगाया गया।जांच में सामने आया कि ग्राम नवीनगर में गाटा संख्या 01770 कर्बला के नाम दर्ज है, जहां करीब 150 वर्ष पुरानी नब्बू शाह मियां की दरगाह स्थित है। रविवार सुबह करीब 9 बजे मुस्लिम पक्ष के मोबिन, रुखसार और केसर अली द्वारा दरगाह के चारों ओर बाउंड्री वॉल के लिए गड्ढे खोदे जा रहे थे।इस दौरान हिंदू पक्ष के वीरपाल, डालचंद, कृष्णपाल, लाल बहादुर और भोपराम ने विरोध जताते हुए कहा कि नकटिया नदी किनारे मजार के पास हिंदू समाज का दशवां कार्यक्रम होता है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस दोपहर में मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाते हुए फिलहाल बाउंड्री वॉल का कार्य रुकवा दिया।बताया गया कि दरगाह के पश्चिम में बद्री प्रसाद का खेत, पूर्व में नकटिया नदी तथा दक्षिण दिशा में कच्चा रास्ता है। ग्राम पंचायत नवीनगर की आबादी लगभग 3200 है, जिसमें हिंदू और मुस्लिम समुदाय की संख्या लगभग बराबर बताई जा रही है।फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस के अनुसार स्थिति सामान्य है, लेकिन भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए क्षेत्र पर नजर रखी जा रही ।