बदायूँ में दूषित पानी के विरोध में कांग्रेस और ग्रामीणों का प्रदर्शन,नारेबाजी,ज्ञापन सौंपा
बदायूं। ग्राम नरूऊ और मलिकपुर के ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कोऑर्डिनेटर ओमकार सिंह के नेतृत्व में उझानी रोड स्थित चंद्रिका इंटर कॉलेज के पास नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उझानी नगर पालिका का दूषित पानी दोबारा ग्राम नरूऊ, मलिकपुर और अचौरा की ओर प्रवाहित करने की तैयारी की जा रही है, जिसका हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।
ग्रामीणों और कांग्रेस नेताओं ने परियोजना अधिकारी उत्कर्ष को दिए ज्ञापन में उच्च न्यायालय की जन याचिका संख्या 2378/2025 के आदेश की प्रति भी संलग्न की। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि न्यायालय के निर्देशानुसार उझानी नगर पालिका का दूषित पानी संबंधित गांवों की ओर प्रवाहित न किए जाने के आदेश हैं। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों ने न्यायालय में यह भी कहा था कि एसटीपी प्लांट बनाकर दूषित पानी को भैंसोर नदी में डाला जाएगा।ग्रामीणों का आरोप है कि नेशनल हाईवे 530-बी के निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार ग्राम नरूऊ के बाहर पुलिया बनाकर नगर पालिका के गंदे पानी को पुनः प्रवाहित करने की योजना बना रहा है। इस पर कड़ा विरोध जताते हुए ओमकार सिंह ने कहा कि जब तक एसटीपी प्लांट स्थापित कर दूषित पानी की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक पुलिया निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि पूर्व में इसी दूषित पानी के कारण ग्राम नरूऊ के लगभग 50 प्रतिशत लोग पीलिया जैसी गंभीर बीमारी की चपेट में आ गए थे। स्थिति इतनी खराब हो गई थी कि गांव के आसपास लगे हैंडपंपों के पानी को जल निगम ने पीने योग्य नहीं मानते हुए प्रतिबंधित कर दिया था।ग्रामीणों ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर 18 अगस्त 2025 से 29 दिसंबर 2025 तक लगातार धरना और क्रमिक अनशन चलाया गया था। इस आंदोलन का नेतृत्व ओमकार सिंह ने किया था, जबकि गांव निवासी कमल प्रताप सिंह ने वैधानिक प्रक्रिया के तहत जनहित याचिका दायर की थी, जिस पर न्यायालय से आदेश जारी हुआ था।
इस दौरान परियोजना अधिकारी उत्कर्ष ने ग्रामीणों की बात सुनने के बाद संबंधित इंजीनियर से जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यदि मीलाल नगला क्षेत्र में मात्र 20 मीटर दूरी पर पहले से पुलिया बनी हुई है, तो नई पुलिया निर्माण की आवश्यकता का परीक्षण कराया जाएगा।ज्ञापन देने वालों में शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुन्नालाल सागर, सुरेश राठौर, सुनीता सिंह, इगलास हुसैन, गौरव सिंह राठौर, मुनेंद्र कनौजिया, सूरजपाल सिंह एडवोकेट, वीरपाल सिंह यादव, डॉ. अरुण पाराशर, मुजाहिद रजा, रियासत खान, कमल प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।















































































