बरेली। लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए कथित बल प्रयोग को लेकर बरेली की एडवोकेट बार एसोसिएशन में भारी आक्रोश व्याप्त है। सोमवार को एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट अनिल द्विवेदी ने पदाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित मांग पत्र सौंपा।एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट अनिल द्विवेदी और सचिव एडवोकेट गौरव राठौर ने मांग की कि लखनऊ में अधिवक्ताओं के साथ हुई घटना की जांच हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में कराई जाए तथा दोषी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि यदि उत्तर प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू होता तो इस प्रकार की घटना नहीं होती। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रदेश में जल्द से जल्द एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किए जाने की मांग उठाई। एडवोकेट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं से भी कानून को हाथ में न लेने की अपील की। उनका कहना था कि संयम और कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है, जिससे बरेली समेत अन्य जिलों में किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे और उन्होंने अधिवक्ताओं के सम्मान एवं सुरक्षा को लेकर एकजुटता दिखाई।