अलापुर नगर पंचायत में बोर्ड बैठक बनी विवाद का कारण, सभासदों ने अध्यक्ष की कार्यशैली पर उठाए सवाल
बदायूँ। नगर पंचायत अलापुर की बोर्ड बैठक को लेकर नगर के सभासदों ने अध्यक्ष की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। समस्त सभासदों ने संयुक्त रूप से आरोप लगाया कि अध्यक्ष की कार्यप्रणाली के कारण नगर के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। सभासदों का कहना है कि गंभीर वित्तीय अनियमितताओं एवं गबन के आरोपों के बावजूद अब तक कोई ठोस प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर असर पड़ रहा है।सभासदों के अनुसार 18 मई 2026 को बोर्ड बैठक आहूत की गई थी, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट, सड़क निर्माण, नाली निर्माण, सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और अन्य विकास कार्यों पर चर्चा प्रस्तावित थी। सभी सभासद अपने-अपने वार्डों की समस्याओं और विकास प्रस्तावों के साथ बैठक में शामिल होने पहुंचे थे, लेकिन अध्यक्ष स्वयं बैठक में उपस्थित नहीं हुईं, जिसके चलते बैठक विधिवत संपन्न नहीं हो सकी।
सभासदों ने आरोप लगाया कि प्रस्ताव रजिस्टर में पहले से ही प्रस्ताव दर्ज किए जा चुके थे और मौजूद कर्मचारियों द्वारा केवल हस्ताक्षर कर चले जाने को कहा गया। सभासदों का यह भी आरोप है कि बैठक में उनके लिए पानी तक की व्यवस्था नहीं की गई। कर्मचारियों ने कथित तौर पर कहा कि चेयरमैन के निर्देश पर पानी उपलब्ध नहीं कराया गया।
इसको लेकर सभासदों ने तीखी नाराजगी जताते हुए कहा कि बैठक बुलाकर स्वयं उपस्थित न होना जनता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान है। उन्होंने नारेबाजी करते हुए कहा कि जनता के अधिकारों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सभासदों ने जिलाधिकारी बदायूँ से मांग की है कि नगर पंचायत अध्यक्ष की अध्यक्षता में पुनः बोर्ड बैठक आयोजित कराई जाए ताकि रुके हुए विकास कार्यों पर निर्णय लिया जा सके और सभी वार्डों के प्रस्तावों पर चर्चा हो सके।
सभासदों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी नगर हित की उपेक्षा की गई और बोर्ड बैठकों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो वे जनआंदोलन, धरना-प्रदर्शन और लोकतांत्रिक विरोध के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान सभासद माधुरी देवी, रिहाना बेगम, तरावती देवी, जयवीर सिंह, महजबीन, विमलेश कुमारी, रितेश कुमार, हेमंत कुशवाह, सरताज अहमद, अल्ताफ हुसैन, फरीद, अरुण कुमार गुप्ता, मुकेश राठौर और प्रमोद कुमार सहित समस्त सभासद मौजूद रहे।















































































