बरेली। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से बरेली पुलिस द्वारा नशे में वाहन चलाने वालों, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर तथा फाल्टी नंबर प्लेट, बिना HSRP वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान 16 और 17 मई को यातायात निदेशालय उत्तर प्रदेश के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक यातायात बरेली के निर्देशन में संचालित किया गया।अभियान के तहत ठिरिया खेतल, मुड़िया, दोहना, लभेड़ा और फरीदपुर टोल प्लाजा पर रात 8 बजे से 11 बजे तक सघन चेकिंग की गई। इस दौरान थाना पुलिस, यातायात टीम, सीसीटीम, इंटरसेप्टर वाहन तथा परिवहन विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।चेकिंग के दौरान 16 मई को 3342 और 17 मई को 4452 वाहनों के चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। कार्रवाई में ड्रंकन ड्राइविंग के 188, मॉडिफाइड साइलेंसर के 15, प्रेशर हॉर्न के 196, हूटर के 2 तथा फाल्टी नंबर प्लेट/बिना HSRP के 183 मामलों समेत कुल 584 वाहन चालकों के खिलाफ एमवी एक्ट में कार्रवाई करते हुए 47 लाख 74 हजार रुपये का चालान किया गया।अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने “मीट एंड ग्रीट” कार्यक्रम के तहत परिवार के साथ यात्रा कर रहे लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। बरेली पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।