बरेली । पैगाम इमाम हुसैन सामाजिक संस्था उप्र के पदाधिकारी जिला कलेक्ट्रेट स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। संस्था के संस्थापक हकीम आहिद हुसैन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मोहनपुर ठिरिया में वायु और जल प्रदूषण से राहत दिलाने की मांग की।ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि ग्राम मोहनपुर ठिरिया में नगर निगम एवं मारिया फ्रोजन की पशुवधशालाओं में निर्धारित परमिट से अधिक पशुओं का वध किया जा रहा है। पशुओं का रक्त और अवशेष गांव के बीच स्थित नहर में बहाए जाने से क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और नहर गंदे नाले में तब्दील हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि दूषित पानी से जानवर बीमार हो रहे हैं तथा भूजल भी प्रदूषित हो गया है, जिससे लोगों में दाद, खुजली, कैंसर, किडनी और आंखों से जुड़ी बीमारियां बढ़ रही हैं।संस्था पदाधिकारियों ने मांग की कि वधशालाओं से निकलने वाले दूषित जल का शुद्धिकरण कराए बिना उसे नालों और नदियों में न छोड़ा जाए। इस दौरान अख्तर आफाक खान, आसिफ शेख, ताहिर अली खान, इमरान अजहरी, फैयाज खान, सद्दाम खान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।