बरेली। लखनऊ के केसरबाग कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं के साथ हुई कथित लाठीचार्ज और अभद्रता की घटना के विरोध में बरेली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार हरित और सचिव दीपक पाण्डेय के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर रोष व्यक्त किया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार हरित एडवोकेट एवं सचिव दीपक पाण्डेय एडवोकेट के संयुक्त नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला अधिकारी को दिया।ज्ञापन में अध्यक्ष मनोज कुमार हरित ने कहा कि 16 मई को लखनऊ के केसरबाग कोर्ट में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा निहत्थे अधिवक्ताओं पर बर्बर लाठीचार्ज किया गया तथा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिसकी बार एसोसिएशन घोर निंदा करती है। अधिवक्ताओं ने मांग की कि घटना में शामिल दोषी पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों को तत्काल निलंबित कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए तथा पूरे मामले की एसआईटी जांच कराई जाए।बार एसोसिएशन ने घटना में घायल प्रत्येक अधिवक्ता को 50 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की भी मांग उठाई। साथ ही अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए लंबे समय से लंबित एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को शीघ्र लागू करने की मांग दोहराई गई। ज्ञापन में कहा गया कि अधिवक्ताओं की सभी मांगों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देने बालो में एडवोकेट जयपाल सिंह , हुलसी राम गंगवार , रजत मोहन , रोहित यादव , शांतनु मिश्रा, सौरभ अग्निहोत्री, धर्मवीर , गायत्री , अजय कुमार मौर्य असलम , आदि मौजूद रहे ।