बरेली। श्री गुलाब राय मॉण्टेसरी स्कूल के डोहरा रोड परिसर में समर कैंप 2026 का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्रबंधक राजेश अग्रवाल जौली, निदेशक त्रिजित अग्रवाल एवं प्रधानाचार्य शील सक्सेना ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर प्रबंधक राजेश अग्रवाल जौली ने कहा कि गर्मी की छुट्टियां केवल आराम का समय नहीं, बल्कि बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने का सुनहरा अवसर हैं। उन्होंने बताया कि समर कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबों से बाहर निकालकर कला, खेल, संगीत, कोडिंग और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है, ताकि बच्चे खेल-खेल में नई चीजें सीख सकें।कक्षा एक से आठ तक के लगभग 800 विद्यार्थियों ने 32 विभिन्न एक्टिविटीज में से अपनी पसंद के दो-दो क्रियाकलाप चुने। कैंप में योग, क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, शतरंज, मार्शल आर्ट, बास्केटबॉल और पिकल बॉल जैसे खेलों के साथ-साथ क्लासिकल एवं वेस्टर्न डांस, कथक, भरतनाट्यम, वैदिक गणित, फायरलेस कुकिंग, कैलीग्राफी, मंडला आर्ट, रोबोटिक्स, वेबसाइट डिजाइनिंग, कैनवा एंड एआई, जिम्नास्टिक्स, रंगोली, संस्कृत संभाषण और पेपर क्राफ्ट जैसी रचनात्मक गतिविधियां भी शामिल की गई हैं।वहीं कक्षा एक और दो के बच्चों के लिए नेचर आर्ट, मूवी टाइम, बैलून ब्लास्ट, साइंटिस्ट लैब, लाइफ स्किल्स, डांस और फ्रूट चाट जैसी विशेष गतिविधियां आयोजित की गई हैं। विद्यालय प्रशासन के अनुसार 30 मई को विद्यार्थियों की दस दिवसीय उपलब्धियों और प्रस्तुतियों के साथ समर कैंप का समापन होगा।