बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र स्थित आईवीआरआई पुल पर सोमवार दोपहर चलती महिंद्रा कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते कार से धुआं और तेज लपटें उठने लगीं। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार रोककर बाहर कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार सोमवार करीब दो बजे एक महिंद्रा कार डेलापीर की ओर जा रही थी। जैसे ही कार आईवीआरआई पुल पर पहुंची, इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही कार में आग भड़क उठी। आग की लपटें देख आसपास से गुजर रहे वाहन चालक भी रुक गए। कुछ ही सेकेंड में आग ने कार के अगले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।घटना की सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। पुल पर आग लगने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। राहत की बात रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है ।