बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में बड़े बाईपास के पास हाईवे किनारे स्कूल यूनिफॉर्म पहने एक छात्रा का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतका स्कूल यूनिफॉर्म में होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि वह किसी स्कूल की छात्रा थी। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के स्कूलों और थानों से संपर्क कर शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।