बदायूं। शहर की मुस्लिम बस्ती स्थित वार्ड संख्या-16 में विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने अपनी विधायक निधि से निर्मित नई सड़क का लोकार्पण किया। अब्दुल्ला शाह मज़ार से इकराम भाई चक्की वालों के घर तक बनी इस सड़क के उद्घाटन के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।लोकार्पण के अवसर पर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि उनकी प्राथमिकता विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वर्ग और हर मोहल्ले का समान रूप से विकास करना है। उन्होंने कहा कि यह सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में थी, जिसके चलते स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इस सड़क का निर्माण कराया गया है, जिससे अब लोगों को राहत मिलेगी।उन्होंने कहा कि शहर के विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। सड़कों, नालियों और स्ट्रीट लाइट से संबंधित कई प्रस्ताव स्वीकृत हो चुके हैं तथा अन्य कार्यों को भी जल्द पूरा कराया जाएगा। विधायक ने कहा कि उन्होंने अपनी विधानसभा को अपनी “मां” का दर्जा दिया है और उनके लिए सभी नागरिक, चाहे वे किसी भी धर्म या वर्ग से हों, समान हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा और सभी समुदायों को समान सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्रतिबद्धता है। नई सड़क बनने से बच्चों, बुजुर्गों और व्यापारियों को विशेष रूप से लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम होगा।इस अवसर पर सभासद पति कमाल उद्दीन उर्फ राजा, अमित महाजन, राजेंद्र मथुरिया, फ़िरसत हुसैन, वसीम अख्तर, मुन्ना, निहाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। क्षेत्र के लोगों ने सड़क निर्माण के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।