बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में बरेली प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शनिवार को तहसील दिवस में शामिल होने के लिए अधिकारियों के साथ इलेक्ट्रिक बस से मीरगंज तहसील तक सफर किया और हरित ऊर्जा अपनाने का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और सतत विकास को बढ़ावा देना बेहद आवश्यक हो गया है। इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग से प्रदूषण में कमी आती है और पेट्रोल-डीजल जैसे पारंपरिक ईंधनों पर निर्भरता भी घटती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा का अधिकाधिक उपयोग आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर वातावरण सुनिश्चित करेगा। जिलाधिकारी की इस पहल को आमजन ने भी सराहा और इसे ईंधन बचत व पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया। इस दौरान परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, डिप्टी आरएमओ तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।