रियोनाई में बैंक स्थानांतरण के विरोध में महिलाओं की एंट्री, ग्रामीणों का ऐलान – “बैंक नहीं तो वोट नहीं”
बदायूँ।। बिल्सी तहसील क्षेत्र के गांव रियो नाई में स्टेट बैंक रियो नाई और स्टेट बैंक निजामपुर के प्रस्तावित स्थानांतरण के विरोध में आंदोलन तेज होता जा रहा है। ग्रामीणों और भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने ऐलान किया है कि 16 मई, शनिवार से धरने की कमान महिलाएं संभालेंगी। ग्रामीणों ने साफ शब्दों में कहा है कि “बैंक नहीं तो वोट नहीं”।इसी क्रम में किसानों के मसीहा और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नेता स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि बिल्सी तहसील परिसर में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में किसान नेताओं और पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी।इसके बाद आयोजित बड़ी पंचायत में किसानों ने अपनी मांगों को लेकर रणनीति बनाई और तहसीलदार को उपजिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि स्टेट बैंक रियो नाई और निजामपुर शाखा के स्थानांतरण को रोकने के लिए जनता की ओर से पूर्व में कई प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।किसान नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन और बैंक प्रबंधन ने समय रहते जनता की भावनाओं को नहीं समझा तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इसी क्रम में सोमवार 18 मई को भारतीय किसान यूनियन द्वारा बदायूं के नवादा स्थित आरएम ऑफिस पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। बताया गया कि प्रदेश अध्यक्ष सहित संगठन के कई बड़े नेता भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। किसान अपने वाहनों से सुबह 11 बजे आरटीओ ऑफिस पहुंचेंगे और वहां से एक साथ आरएम ऑफिस के लिए कूच करेंगे।किसान नेताओं ने तहसीलदार से कहा कि जनता को टकराव की स्थिति में धकेलने से बचाया जाए। उनका कहना था कि यदि बैंक प्रशासन ने शाखा स्थानांतरण की जिद ठान रखी है तो ग्रामीणों ने भी इसे रोकने का संकल्प ले लिया है।वहीं सहसवान तहसील अध्यक्ष अलका यादव के नेतृत्व में शनिवार से महिलाएं धरने पर बैठेंगी। महिलाओं ने कहा कि गांव में किसी भी तरह का सरकारी शराब का ठेका नहीं चलने दिया जाएगा। उनका कहना है कि सबसे पहले गांव से शराब का ठेका हटाया जाए, अन्यथा इसके लिए शासन और प्रशासन जिम्मेदार होगा।पंचायत में बिल्सी तहसील के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।















































































