बरेली। औद्योगिक गलियारे के लिए भूमि अधिग्रहण के विरोध में किसान नेता डॉ. रवि नागर के नेतृत्व में गुरुवार को आंवला क्षेत्र में किसानों ने पदयात्रा निकाली। भीषण गर्मी के बावजूद सैकड़ों ग्रामीण और किसान पदयात्रा में शामिल हुए तथा किसान हितों के समर्थन में नारे लगाए।पदयात्रा भरताना गांव से शुरू होकर भीकमपुर होते हुए मकरंदपुर ताराचंद तक पहुंची, जहां शाम करीब 3:30 बजे इसका समापन हुआ। इस दौरान किसानों को संबोधित करते हुए डॉ. रवि नागर ने कहा कि सरकार औद्योगिक गलियारे के नाम पर किसानों की जमीन का कम मुआवजा देकर उनका शोषण करना चाहती है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाए उन्होंने कहा, “मैं पेशे से चिकित्सक जरूर हूं, लेकिन किसान का बेटा हूं। किसानों के साथ अन्याय के खिलाफ यह संघर्ष न्याय मिलने तक जारी रहेगा।” उन्होंने बताया कि किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से 15 मई को भी हजरतपुर से दोपहर 12 बजे पदयात्रा निकाली जाएगी।पदयात्रा में किसान एकता संघ युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजेश शर्मा, बहुरन लाल गुर्जर, ओम प्रकाश शर्मा, पप्पू प्रधान, देवेंद्र सिंह, अनुभव शर्मा, वीरपाल, प्रेमनाथ, इसहाक अली, नाथू सिंह, रामौतार, मंगल सिंह, राजेंद्र सिंह, रामबाबू सक्सेना समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।