बदायूँ में टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि पर भाकियू ने दी श्रद्धांजलि, वृक्षारोपण कर मनाया पर्यावरण दिवस
बदायूं। भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक किसान मसीहा स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि पर मालवीय आवास गृह में भाकियू नेताओं ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान हवन-पूजन कर किसान नेता को नमन किया गया।
भारतीय किसान यूनियन के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत इस बार पुण्यतिथि को पर्यावरण दिवस के रूप में भी मनाया गया। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना के चित्रांश नगर स्थित कैंप कार्यालय पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना ने स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत को याद करते हुए कहा कि चौधरी साहब को भुलाया नहीं जा सकता। आंदोलन की हुंकार आज भी उनके नारों से गूंजती है। उन्होंने किसानों को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना सिखाया और वे किसानों की सच्ची आवाज थे।दोपहर दो बजे के बाद सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार पाल ज्ञापन लेने धरना स्थल पहुंचे। यहां पहले से हरिजन एक्ट के कथित झूठे मुकदमे के विरोध में धरना चल रहा था। इस दौरान जानकारी दी गई कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले की जांच अधिकारी बदल दी गई है और अब दातागंज क्षेत्राधिकारी जांच करेंगे।सिटी मजिस्ट्रेट ने किसानों से धरना समाप्त करने की अपील की। इस पर मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना एवं मंडल वरिष्ठ उपाध्यक्ष चौधरी सौदान सिंह ने संयुक्त रूप से घोषणा करते हुए कहा कि झूठे मुकदमे के विरोध में चल रहा धरना फिलहाल स्थगित किया जाता है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित मौन घेराव कार्यक्रम भी जांच बदलने के बाद स्थगित कर दिया गया।श्रद्धांजलि कार्यक्रम और धरना स्थल पर महिलाओं सहित सैकड़ों की संख्या में किसान पहुंचे। हरी टोपी पहने कार्यकर्ताओं ने अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष ठाकुर अजय पाल सिंह, अर्जुन सिंह, केसर अली, पप्पू सैफी, पूरनलाल गुप्ता, जुगल किशोर यादव, पप्पू यादव, बाबा गरीबदास, उदयवीर, सूरदास, नसरीन बेगम, पप्पू कुशवाहा, साबिर हुसैन, सुरेश दीवान, बृजपाल प्रजापति, मोहनलाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।















































































