उझानी।बृहस्पतिवार दोपहर बुटला साप्ताहिक बाजार में पकौड़ी की भट्ठी लगाने की जगह को लेकर दो दुकानदारों में विवाद इतना बढ़ा कि पूरा बाजार अखाड़ा बन गया।अमीरगंज निवासी रामवीर पुत्र सोनपाल और अजय पुत्र अमरपाल के बीच पहले कहासुनी हुई। मामला बढ़ने पर दोनों ने फोन कर अपने परिवार वालों को बुला लिया। देखते ही देखते रामवीर पक्ष से सोमवती पत्नी संजीव कुमार, विजय पुत्र रामदीन और अजय पक्ष से भगवान दास लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आ गए।मारपीट में दोनों पक्षों के 5 लोग घायल हो गए। सोमवती को सिर में गंभीर चोट लगने से बेहोश हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। झगड़े के दौरान बाजार में अफरा-तफरी मच गई और ग्राहक दुकानें छोड़कर भाग निकले।सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। रामवीर और अजय दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि घायलों का मेडिकल कराने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।