ब्लैकमेलिंग और मुकदमों के जाल से परेशान युवक ने खाया जहर, पत्नी ने युवती और उसके भाई पर लगाए गंभीर आरोप
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के थाना बारादरी क्षेत्र में एक युवक द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है। युवक की पत्नी ने एक युवती और उसके भाई पर मानसिक उत्पीड़न, अवैध वसूली और अपहरण की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।जानकारी के अनुसार, सूफी टोला निवासी कैफी (30 वर्ष) पुत्र अनीस का विवाह 5 वर्ष पूर्व राहिला से हुआ था। युवक की पत्नी राहिला का आरोप है कि शादी से पहले उसके पति का क्षेत्र की ही एक युवती से लंबे समय तक प्रेम प्रसंग था। आरोप है कि इस दौरान युवती ने युवक से करीब 1.5 लाख रुपये लिए थे। शादी के बाद जब युवक ने अपने पैसे वापस मांगे, तो विवाद शुरू हो गया। इसी बीच, जब युवती का रिश्ता कहीं और तय हुआ, तो कैफ़ी यानी उसके प्रेमी ने कथित तौर पर एआई (AI) तकनीक से एडिट की गई तस्वीरें युवती के ससुराल पक्ष को भेज दीं, जिससे उसका रिश्ता टूट गया।रिश्ता टूटने के बाद युवती ने युवक के खिलाफ थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज कराया था। युवक की पत्नी का दावा है कि उनके पति अपनी गलती मानकर माफी मांग चुके थे और सुलह करना चाहते थे, लेकिन युवती और उसके परिजनों ने कथित तौर पर उत्पीड़न शुरू कर दिया। महिला राहिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि युवती के भाई कासिम उर्फ बाबूजी द्वारा अब मुकदमे वापस लेने के बदले 10 लाख रुपये की मोटी रकम मांगी जा रही है। साथ ही, आरोप है कि युवती का भाई राहिला के साथ अश्लील व्यवहार करता है और उसकी 4 साल की मासूम बेटी के अपहरण की धमकियाँ दे रहा है।
राहिला के मुताबिक, मुकदमों के जाल और युवती के परिवार द्वारा दी जा रही लगातार धमकियों से तंग आकर उसका पति अत्यधिक मानसिक तनाव में था। इसी प्रताड़ना से आजिज आकर उसने घर की छत पर बने कमरे में जहर खा लिया। घटना के समय पत्नी कानूनी परामर्श के लिए कचहरी गई हुई थी। कैफ़ी के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें 4 साल की बेटी और महज 3 महीने का बेटा शामिल है। फिलहाल, युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। युवक की पत्नी ने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।















































































