बदायूँ। थाना इस्लामनगर क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान अपहृत 1 वर्षीय मासूम बच्चे को पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने 5 अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में प्रयुक्त डिजायर कार भी बरामद कर ली गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर गठित टीमों ने अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया एवं क्षेत्राधिकारी बिल्सी के.के. तिवारी के पर्यवेक्षण में सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तेजी से कार्रवाई की।घटना 16 अप्रैल 2026 की रात मोनार्क फार्म हाउस में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हुई, जहां संभल निवासी भूखन प्रजापति का 1 वर्षीय पुत्र सौरभ कमरे में सो रहा था। इसी दौरान एक महिला मौका पाकर बच्चे को उठाकर फरार हो गई। पुलिस जांच में सामने आया कि बुलंदशहर निवासी खुशबू और मुनेश ने मिलकर बच्चे का अपहरण किया और उसे आगरा ले जाकर दिनेश के माध्यम से ताजगंज निवासी सोनू और उसकी पत्नी बबली को 70 हजार रुपये में बेचने का सौदा किया। दंपत्ति की कोई संतान न होने के कारण यह सौदा किया गया था, जिसमें 20 हजार रुपये एडवांस भी लिया गया था।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आगरा से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और खुशबू, मुनेश, दिनेश, बबली व पूजा को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।इस सफल कार्रवाई पर उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम को बरेली परिक्षेत्र पुलिस के पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा 50,000 रुपये के इनाम से सम्मानित किया गया है।