बरेली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने बरेली कॉलेज में व्याप्त विभिन्न अनियमितताओं को लेकर प्राचार्य का घेराव किया। इस दौरान विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर परिषद में काफी आक्रोश देखने को मिला। प्रदेश मंत्री आनंद कठेरिया ने बताया कि कई छात्रों के परिणाम इंटरनल और एक्सटर्नल अंक अपलोड न होने के कारण लंबित हो गए हैं। इसके अलावा परीक्षा फॉर्म में बिना सूचना विषयों में बदलाव किए जाने से छात्र परेशान हैं। वहीं छात्रवृत्ति के मामलों में कम उपस्थिति दर्शाकर कई विद्यार्थियों को योजना से वंचित किया जा रहा है, जिसकी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन पर डाली गई। घेराव के दौरान प्राचार्य ने प्रतिनिधिमंडल से वार्ता कर सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया और सोमवार तक निस्तारण करने की बात कही। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा। यह घेराव कॉलेज इकाई अध्यक्ष पवन राजपूत के नेतृत्व में हुआ। इस मौके पर प्रदेश मंत्री आनंद कठेरिया, विभाग संगठन मंत्री विकास गोला, उपाध्यक्ष नितिन मिश्रा, हर्ष, सत्यम गुर्जर, दीपिका, रोशनी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।