बरेली में खाकी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। नवाबगंज क्षेत्र में तैनात एक दरोगा पर महिला फरियादी के साथ अभद्रता, दबाव और यौन शोषण के गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि वर्दी की ताकत का गलत इस्तेमाल करते हुए दरोगा ने महिला को बार-बार परेशान किया। पीड़िता जब तंग आ गई तो उसने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गई , जिसके बाद आरोपी दरोगा सुनील कुमार को निलंबित कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई शुरू हो गई है।मामला थाना नवाबगंज इलाके का है। एक महिला अपने पड़ोसी से विवाद की शिकायत लेकर चौकी पहुंची थी। आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने जांच के दौरान महिला का नंबर लेकर उससे लगातार संपर्क करना शुरू किया और दबाव बनाते हुए आपत्तिजनक बातचीत की। पीड़िता का कहना है कि उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई। लगातार उत्पीड़न से परेशान महिला ने एसएसपी से शिकायत की और कुछ साक्ष्य भी पेश किए। जांच रिपोर्ट में आरोप सही पाए जाने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई करते हुए सख्त संदेश दिया है कि पुलिस में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।