बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 14 अप्रैल को लखीमपुर खीरी निवासी संतोष कुमारी ने अपनी पुत्री अनमोल कोमल की हत्या का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया था। शिकायत में बताया गया कि कम दहेज लाने को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था और अंततः फांसी लगाकर उसकी हत्या कर दी गई।इस मामले में थाना बारादरी में मुकदमा दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत पति आकाशदीप, ससुर राजेश कुमार, सास कमलेश सहित अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने 15 अप्रैल को आकाशदीप (33 वर्ष), राजेश कुमार (55 वर्ष) और कमलेश (50 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।