बदायूँ।थाना आलापुर क्षेत्र के अंतर्गत ककराला स्थित मदरसा एच.के. पब्लिक स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव के दौरान मंचित नाटक को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मामले को लेकर विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रभारी निरीक्षक आलापुर को ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है।ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि वार्षिक कार्यक्रम में गैस सिलेंडर से जुड़ी समस्या को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया गया तथा रामायण काल के पात्र भगवान हनुमान का सार्वजनिक मंच से मजाक उड़ाया गया। नाटक के एक संवाद में कथित रूप से यह कहा गया कि “तुम बजरंगबली नहीं, डीएम कार्यालय के बड़े बाबू हो जो लालच दे रहे हो”, जिससे सनातन धर्म के अनुयायियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।आरोप यह भी लगाया गया कि मदरसा संचालक राशिद खान द्वारा बच्चों को पाकिस्तान से संबंधित सामान्य ज्ञान पढ़ाया जाता है, जो गंभीर चिंता का विषय है। ज्ञापन देने वालों ने इसे देश की शांति और सौहार्द के लिए खतरा बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।इस दौरान विभाग संगठन मंत्री योगेश पाठक, जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह, जिला सहसंयोजक उत्कर्ष मिश्रा, सत्येंद्र यादव, मोर सिंह, आकाश कुशवाहा, मुकेश कुशवाहा, राहुल त्रिवेदी, अभय पंडित सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।