बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने बाइक चोरी की घटना का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर के जैतीपुर निवासी विजय सिंह ने 10 अप्रैल को थाना बारादरी में तहरीर देकर बताया कि 6 अप्रैल को पवन विहार क्षेत्र से उनके रिश्तेदार के घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने करीब 350 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना पर भरतौल रोड से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान नितिन कुमार और अमन सागर निवासी इज्जतनगर के रूप में हुई है। इनके पास से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिसके आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस भी बढ़ाई गई। पूछताछ में नितिन ने बताया कि महंगे मोबाइल, खासकर आईफोन खरीदने के शौक के चलते उसने अपने साथी के साथ मिलकर बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। वह लॉक तोड़ता था और अमन बाइक को छिपाने का काम करता था। दोनों चोरी की बाइक बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।पुलिस के अनुसार, नितिन के खिलाफ पूर्व में भी एक मुकदमा दर्ज है, जबकि अमन का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।