बरेली। थाना आंवला पुलिस ने चोरी के एक मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद किया है। यह कार्रवाई मु0अ0सं0 204/26 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मनौना निवासी सञ्जात हुसैन ने 10 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों द्वारा जल निगम की टंकी पर लगे जनरेटर का अल्टीनेटर और पैनल की वायरिंग काटकर चोरी कर ली गई। इस पर थाना आंवला में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर वजीरगंज अड्डा क्षेत्र में दबिश देकर अभियुक्त दुर्वेश (43) निवासी ग्राम कनगांव को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से अल्टीनेटर कवर, वायरिंग केबिल और उपकरण बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह हाल ही में जेल से छूटकर आया था और अपने साथी मोनू पंडित के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के दौरान कुछ सामान लेकर दोनों मौके से फरार हो गए थे।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके साथी की तलाश जारी है।