बरेली:कोतवाली पुलिस ने पार्लर कर्मचारी की हत्या के मामले का 36 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए सामान भी बरामद किए हैं। मामले की जानकारी के अनुसार आठ अप्रैल को पुरानी रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। बाद में मृतक की पहचान अमन रजा के रूप में हुई। इस मामले में परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर समद उर्फ समर निवासी जखीरा थाना किला को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली।आरोपी ने बताया कि वह अमन रजा को इंस्टाग्राम पर जानता था और दोनों के बीच बातचीत होती थी। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसी रंजिश में उसने अमन को मिलने के बहाने बुलाया। सात अप्रैल की रात को आरोपी उसे सिटी स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक की ओर ले गया, जहां धक्का देकर गिराया और गला दबाने के बाद ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी।हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट, मृतक का आधार कार्ड, आरोपी के खून लगे कपड़े और मोबाइल फोन बरामद किया है।