बरेली। थाना शाही पुलिस ने युवक की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार ग्राम बीथम निवासी हनीफ खां ने अपने 27 वर्षीय पुत्र आरिश खां उर्फ बाबू खां की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर शव खेत में फेंके जाने की सूचना दी थी। इस पर थाना शाही में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने जांच के दौरान प्रकाश में आए आरोपी एजाज उर्फ गुड्डे निवासी बीथम नौगवां को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और फटी हुई शर्ट बरामद की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और मृतक पिछले 10-12 वर्षों से नशा करने के आदी थे। 23 मार्च की शाम दोनों बहादुरपुर के जंगल में नशा करने गए थे, जहां नशे को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर आरोपी ने पहले डंडे से हमला किया और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में साक्ष्य छिपाने के लिए डंडा और अपनी शर्ट खेत में फेंक दी।इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक ओमराज सिंह और कांस्टेबल मोहम्मद आसिफ शामिल रहे।