बरेली। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन विभाग के एक लिपिक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान महमूद रजा खा पुत्र स्वर्गीय नवी रजा खा, निवासी परसाखेड़ा थाना सीबीगंज, बरेली के रूप में हुई है, जो वर्तमान में खनन अधिकारी कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी लिपिक के पद पर तैनात था।भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली मंडल की ट्रैप टीम ने निरीक्षक जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में सोमवार को यह कार्रवाई की। टीम ने आरोपी को खनन अधिकारी कार्यालय, बरेली से दोपहर 12:52 बजे 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। बताया गया कि शिकायतकर्ता वेद प्रकाश पुत्र अर्जुन सिंह, निवासी ग्राम रौठा थाना किला, बरेली ने अपने सीज ट्रैक्टर-ट्रॉली को छुड़वाने और जुर्माना संबंधी पत्रावली जिलाधिकारी कार्यालय भेजने के एवज में आरोपी द्वारा 10 हजार रुपये की मांग किए जाने की शिकायत की थी।शिकायत का संज्ञान लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली बरेली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।