बरेली। जनपद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज कर दी है। थाना इज्जतनगर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे के तहत मुख्य आरोपी अकरम समेत उसके साथियों की कुल 67 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति को जब्त किया गया है।पुलिस के अनुसार आरोपी अकरम पुत्र बाबू निवासी नई बस्ती सराय, थाना फतेहगंज पश्चिमी अपने साथियों जावेद, राशिद, आसिफ, हारून, अफजाल मुल्ला, उस्मान कुरैशी आदि के साथ मिलकर स्मैक के निर्माण और अवैध कारोबार में लिप्त था। गिरोह द्वारा इस अवैध धंधे से भारी आर्थिक लाभ अर्जित कर संपत्ति बनाई गई।गौरतलब है कि 2 जुलाई 2025 को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेलवे आवास के पास पुराने खंडहर से छापा मारकर 3.526 किलोग्राम स्मैक, केमिकल, उपकरण, वाहन और 1.46 लाख रुपये नकद बरामद किए थे। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।जांच के दौरान गिरोह की अवैध संपत्तियों का खुलासा होने पर न्यायनिर्णायक प्राधिकारी के आदेश के अनुपालन में मुख्य आरोपी अकरम की 61,50,948 रुपये, जावेद की 5,57,000 रुपये तथा राशिद की 92,646 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।