बदायूं। पांच दिन पहले कछला गंगा घाट पर स्नान करते समय डूबे कासगंज के 25 वर्षीय युवक सुंदरम का शव उसहैत थाना क्षेत्र के गांव कदमनगला के पास शुक्रवार शाम को मिलने से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को जिला मुख्यालय भेज कर पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने बताया कि 30 मार्च को सुंदरम अपने दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने के लिए कछला गंगा घाट आया था। स्नान करते समय गहरे पानी में चले जाने की वजह से वह डूब गया।काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा।परिजन लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे लेकिन उसका पता नहीं लग सका। शुक्रवार की शाम को परिजन खोजते हुए उसे उसहैत थाना क्षेत्र के कदमनगला गांव पहुंचे, जहां सुंदरम का शव गंगा के किनारे दिखाई दिया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी,जिसपर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है, शनिवार को शव लेकर परिजन गांव चले गए। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।